7 दिसंबर 2025 ; UIDAI New Announcement: नई ऐप और QR कोड के माध्यम से तेज़ आधार वेरिफिकेशन के मामले में UIDAI ने एक नई घोषणा की है। सरकार जल्द ही एक नया नियम लागू करेगी जिसके तहत होटल, इवेंट आयोजक और अन्य संस्थानों को ग्राहकों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी रखने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। वर्तमान आधार कानून के अनुसार, बिना किसी कारण के किसी के आधार की फोटोकॉपी रखना गैरकानूनी है।
QR कोड और नई ऐप से होगा फटाफट आधार वेरिफिकेशन
UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने बताया कि, ‘ऐसे संस्थानों को अब ऑफलाइन वेरिफिकेशन के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराना होगा। इसके बाद उन्हें नई तकनीक मिलेगी, जिसमें उन्हें QR कोड स्कैन या नई आधार ऐप के माध्यम से व्यक्तियों की पहचान करने की अनुमति होगी। इस नए नियम का उद्देश्य कागज़-आधारित वेरिफिकेशन को खत्म करना है।’
उन्होंने आगे बताया कि, ‘नई प्रक्रिया में संस्थानों को API (एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफ़ेस) के माध्यम से अपनी सिस्टम में आधार वेरिफिकेशन को इंटीग्रेट (एकीकृत) करने की अनुमति मिलेगी। UIDAI वर्तमान में एक नई ऐप का बीटा परीक्षण कर रहा है। यह ऐप हर बार केंद्रीय आधार डेटाबेस से कनेक्ट हुए बिना भी सत्यापन की अनुमति देगी। इसका उपयोग एयरपोर्ट, दुकानों और होटलों जैसे स्थानों पर किया जा सकता है। यह ऑफ़लाइन सत्यापन को सरल बनाएगा, कागज़ के काम की आवश्यकता को कम करेगा और उपयोगकर्ताओं के आधार डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।’
ऐप के अन्य फ़ायदे
नई ऐप की मदद से उपयोगकर्ता अपना पता (एड्रेस) अपडेट कर सकेंगे और परिवार के उन सदस्यों को भी जोड़ सकेंगे जिनके पास मोबाइल नहीं है। इस ऐप को डिजिटल प्रोफ़ेशन डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के तहत तैयार किया गया है और अगले 18 महीनों में इसके पूरी तरह से लागू होने की संभावना है। यह नई पद्धति आधार सेवाओं में गोपनीयता और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित कर सकेगी।
