12 दिसंबर, 2025: वैभव सूर्यवंशी वर्ल्ड रिकॉर्ड: भारत के युवा खिलाड़ी Vaibhav Suryavanshi ने अंडर-19 एशिया कप में यूएई (UAE) के खिलाफ मैच में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। वैभव सूर्यवंशी ने एक ही मैच में 14 छक्के लगाए, 56 गेंदों में शतक बनाया और कुल 171 रन बनाए। वह अंडर-19 कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
युवा खिलाड़ी Vaibhav Suryavanshi ने एसीसी (ACC) मेन्स अंडर-19 एशिया कप में अपने विस्फोटक शतक के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े। वह मेन्स अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा, वह अंडर-19 एशिया कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। वैभव ने एक पारी में 14 छक्के जड़े। एशिया यूथ/अंडर-19 कप में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का पिछला रिकॉर्ड दरवेश रसूलि के नाम था। साल 2017 में दरवेश रसूलि ने 105 रन की पारी में 10 छक्के मारे थे।
अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के बल्लेबाज दरवेश रसूलि ने कुल 22 छक्के लगाकर बनाया था। हालांकि, वैभव सूर्यवंशी ने एक ही पारी में 14 छक्के लगाकर यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह अब अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उनके नाम कुल 26 छक्के हैं।
अंडर-19 एशिया कप में 150+ रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 एशिया कप में 150 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने। यूएई के आर्यन सक्सेना ने 150 रन बनाए थे, जबकि बांग्लादेश के सौम्य सरकार ने 2012 में कतर के खिलाफ 209 रन बनाए थे। वह अंडर-19 एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज भी बने थे।
वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया
यूथ वनडे (Youth ODI) में युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का रिकॉर्ड तोड़ा। हिल ने यूथ वनडे पारी में कुल 12 छक्के लगाए थे। वहीं, वैभव ने अपनी 171 रन की पारी में 14 छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 95 गेंदों में 171 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 14 छक्के शामिल थे। माइकल ने 2008 में नामीबिया के खिलाफ मैच में 12 छक्के लगाकर यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2025 में आईपीएल में शतक, आईपीएल में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक, इंग्लैंड में युवा वनडे में शतक, ऑस्ट्रेलिया में युवा टेस्ट में शतक, भारत A के लिए 32 गेंदों में शतक, SMAT में शतक, अंडर-19 एशिया कप में भारत के लिए शतक लगाया है।
यूथ वनडे में तीसरा सबसे तेज शतक
उल्लेखनीय है कि वैभव सूर्यवंशी ने 56 गेंदों में शतक लगाकर, यूथ वनडे में तीसरा सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 52 गेंदों में शतक बनाने की उपलब्धि हासिल की थी। इस संदर्भ में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के कामरान गुलाम हैं, जिन्होंने 53 गेंदों में शतक पूरा किया था। साल 2025 में यह वैभव का छठा शतक है और लिस्ट ए करियर में यह दूसरा शतक है
