नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। शुक्रवार (19 दिसंबर) को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला। कारोबार के दौरान सोने के दाम में प्रति 10 ग्राम 700 रुपये से अधिक की गिरावट आई, वहीं चांदी प्रति किलोग्राम 2,000 रुपये से ज्यादा महंगी हो गई।
MCX पर सोने और चांदी का हाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार (19 दिसंबर) को दोपहर 3:30 बजे MCX पर 5 फरवरी की एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना 721 रुपये की गिरावट के साथ 1,33,555 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि, ट्रेडिंग के दौरान यह 1,34,360 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक भी पहुंचा था। बता दें कि MCX पर सोने का उच्चतम स्तर 1,35,590 रुपये है, और वर्तमान में सोना अपने इस ऑल-टाइम हाई से 2,035 रुपये सस्ता मिल रहा है।
दूसरी ओर, MCX पर चांदी की चमक और बढ़ गई है। चांदी, जो पहले से ही 2 लाख रुपये प्रति किलो के ऊपर कारोबार कर रही थी, और महंगी हो गई है। 5 मार्च की एक्सपायरी वाली चांदी की कीमत 2,05,582 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी, जिसमें 2,017 रुपये का जोरदार उछाल देखा गया। ट्रेडिंग के दौरान भाव बढ़कर 2,06,280 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था।
स्थानीय बाजार में कीमतें
MCX पर उतार-चढ़ाव के बीच स्थानीय बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान दोनों कीमती धातुओं के दाम में नरमी देखी गई। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, 24 कैरेट सोना 1,32,394 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं चांदी, जो गुरुवार (18 दिसंबर) को 2,01,120 रुपये पर बंद हुई थी, वह घटकर 2,00,336 रुपये पर खुली।
नोट: IBJA द्वारा जारी किए गए रेट देशभर में सर्वमान्य होते हैं। हालांकि, जब आप आभूषण (Jewelry) खरीदते हैं, तो उसमें GST और मेकिंग चार्ज जुड़ने के कारण अंतिम कीमत बढ़ जाती है।
TO JOIN OUR WHATSAPP GROUP PL CLICL BELOW
https://chat.whatsapp.com/Kfi1IUcU30h55YYfM90XxJ
