बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दूसरे ही दिन क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ढाका कैपिटल्स और राजशाही के बीच होने वाले मैच से पहले ढाका कैपिटल्स के सहायक कोच महबूब अली जकी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस घटना के बाद पूरी लीग और क्रिकेट प्रशंसकों में शोक की लहर है।
मैदान पर अचानक गिर पड़े कोच
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मैच शुरू होने से पहले ढाका कैपिटल्स की टीम सिलेट इंटरनेशनल स्टेडियम में अभ्यास कर रही थी। कोच महबूब अली जकी खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा ले रहे थे, तभी वे अचानक बेहोश होकर मैदान पर गिर पड़े।
CPR भी नहीं आया काम
कोच के गिरते ही वहां मौजूद सपोर्ट स्टाफ और मेडिकल टीम तुरंत उनकी ओर दौड़ी। उन्हें मैदान पर ही CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया और बिना समय गंवाए पास के अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
View this post on Instagram
ढाका कैपिटल्स ने जताया दुख
ढाका कैपिटल्स फ्रैंचाइजी ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “हमें गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि ढाका कैपिटल्स परिवार के सहायक कोच का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
