पटना, 11 जनवरी, 2026 – ‘Report a pothole, get a reward’ बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) ने राज्य की ग्रामीण सड़कों को चकाचक बनाने के लिए एक नई पॉलिसी तैयार की है। इस योजना के तहत, यदि कोई नागरिक ग्रामीण सड़क पर बने गड्ढे की तस्वीर खींचकर विभाग के पोर्टल या ऐप पर अपलोड करता है और वह जानकारी सही पाई जाती है, तो उसे ₹5000 का पुरस्कार दिया जा सकता है।
योजना के पीछे का मुख्य उद्देश्य:
त्वरित मरम्मत: सरकार का लक्ष्य है कि शिकायत मिलने के 48 से 72 घंटों के भीतर उस गड्ढे को भर दिया जाए।
जवाबदेही तय करना: इस स्कीम के जरिए उन ठेकेदारों और अधिकारियों पर नकेल कसी जाएगी जो सड़कों के रखरखाव (Maintenance) में लापरवाही बरतते हैं।
जनभागीदारी: सड़कों की निगरानी में आम लोगों को सीधे जोड़ना ताकि भ्रष्टाचार और खराब गुणवत्ता पर रोक लग सके।
शिकायत करने की प्रक्रिया: विभाग जल्द ही एक मोबाइल ऐप और टोल-फ्री नंबर जारी करेगा। शिकायतकर्ता को गड्ढे की फोटो के साथ उसकी लोकेशन (GPS Location) साझा करनी होगी। विभाग के इंजीनियर उस जगह का निरीक्षण करेंगे, और यदि वह सड़क विभाग के ‘मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट’ के तहत आती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदारों पर गिरेगी गाज: इस नई पॉलिसी में यह भी प्रावधान है कि अगर शिकायत के बाद भी ठेकेदार समय पर मरम्मत नहीं करता है, तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। यह जुर्माना राशि ही रिवॉर्ड के तौर पर शिकायतकर्ता को दी जा सकती है।
बिहार सरकार की इस अनूठी पहल से न केवल सड़कों की स्थिति सुधरेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
किन जिलों में सबसे पहले लागू होगी यह स्कीम?
सूत्रों के अनुसार, बिहार सरकार इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सबसे पहले उन जिलों में शुरू करने जा रही है जहाँ ग्रामीण सड़कों का जाल सबसे सघन है और जहाँ से सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त होती हैं। इसमें पटना, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर जैसे बड़े जिलों के ग्रामीण इलाकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके सफल परीक्षण के बाद इसे पूरे राज्य के सभी 38 जिलों में लागू कर दिया जाएगा।
